बैरागढ़ के कामगार सड़कों पर उतरे, घरों से नहीं उठाया कचरा

बैरागढ़ के कामगार सड़कों पर उतरे, घरों से नहीं उठाया कचरा


संत हिरदाराम नगर। नगर निगम के बैरागढ़ जोन के 300 से अधिक सफाई कामगारों एवं श्रमिकों को 3 माह से वेतन नहीं मिल सका है। परेशान कामगारों ने मंगलवार को काम बंद हड़ताल कर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था बिगड़ गई। घरों से कचरा नहीं उठ सका।


शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ के आह्वान पर कचरा कलेक्शन व्यवस्था में लगे कर्मचारी सुबह 8 बजे ही सीहोर नाका स्थित नगर निगम के डंपिंग प्वाइंट पर एकत्रित हो गए। कामगारों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि गरीब कामगारों, ड्राइवरों एवं सहायकों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। संघ के विभागीय अध्यक्ष इरफान अल्ताफ एवं उपाध्यक्ष शेरा वैद्य ने कहा कि 25 दिन सेवा वाले कामगारों को मात्र 5600 रूपए मासिक वेतन मिलता है। कामगार लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं लेकिन बढ़ाने के बजाय तीन माह से वेतन नहीं मिला है इससे श्रमिकों के सामने परिवार का पेट पालने का संकट खड़ा हो गया है।


नहीं निकले कचरा कनेक्शन वाहन


कामगारों एवं श्रमिकों ने कचरा कलेक्शन वाहन डंपिंग स्टेशन पर खड़े कर चाबियां जोन के स्वच्छता प्रभारी रविकांत औदिच्य को सौंप कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई। हड़ताल के कारण घरों एवं दुकानों से कचरा कलेक्शन नहीं हो सका। कालोनियों में झाड़ू भी नहीं लग सकी।


शाम को वेतन मिला, आज उठेगा कचरा


हड़ताल की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। स्वच्छता प्रभारी ने पूरे मामले की जानकारी कमिश्नर को दी। श्री औदिच्य ने बताया कि दोपहर बाद एक माह का वेतन जारी कर दिया। देर रात को कचरा कलेक्शन शुरू हो गया। बुधवार से कचरा कलेक्शन व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। घरों व दुकानों से कचरा उठाया जाएगा।