चंद्रशेखर आजादनगर। नगर में भाजपा के पितृ पुरुष के नाम से जाने वाले मांगीलाल गुप्ता का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। गुप्ता कुछ समय से बीमार चल रहे थे। सोमवार को जैसे ही उनके निधन की खबर आई नगर में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक माधोसिंह डावर ने बताया कि गुप्ता जनसंघ से लेकर भाजपा के आज तक के सफर में समर्पण भाव से सहभागी रहे। विपरीत राजनीतिक स्थितियों में भी जनसंघ व भाजपा का ध्वज इस क्षेत्र में लहराते रहे। नगर भाजपा इकाई के पूर्व विधायक डावर, मंडल अध्यक्ष मनीष शुक्ला, उजेफा असद, सुरेश माहेश्वरी, नंदलाल चौहान आदि ने गुप्ता की अंतिम इच्छा अनुसार उन्हें भाजपा का झंडा ओढ़ाकर अंतिम विदाई दी। इसके अलावा भाजपा के जिला अध्यक्ष वकील सिंह ठकरला और किशोर शाह ने भी आलीराजपुर से लाकर भाजपा का झंडा गुप्ता के पार्थिक शव पर ओढ़ाया। उनकी अंतिम यात्रा में समाज सहित बड़ी संख्या में नगर के लोग शामिल गए। नगर के मुक्ति धाम पर गुप्ता का अंतिम संस्कार किया गया।
भाजपा नेता का निधन, ओढ़ाया पार्टी ध्वज