पारिवारिक कलह के चलते दो महिलाओं ने खाया जहर, खिड़की पर हाथ मारने से पति हुआ घायल

इंदौर / पति-पत्नी के झगड़े में दो महिलाओं ने जहर खा लिया। वहीं एक अन्य पुरुष ने गुस्से में खिड़की पर हाथ मार दिया, कांच लगने से वह घायल हो गया। सभी का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।


कुलकर्णी का भट्टा की सोनू (35) को पति अजय तबीयत बिगड़ने पर मंगलवार रात एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। पेंटरी करने वाले अजय के अनुसार मंगलवार शाम को वह काम से घर पहुंचा था। पत्नी से विवाद हुआ और कहासुनी बढ़ी तो वह गुस्से में घर से चला गया। कुछ घंटों बाद पता चला पत्नी ने जहर खा लिया। फिलहाल उसकी तबीयत ठीक है। 


इसी प्रकार बाणगंगा थाना क्षेत्र के भवानी नगर में रहने वाली अनिता (33) को उसके पति अजय द्वारा एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पारिवारिक विवाद के चलते अनिता ने जहर खा लिया था जिसका उपचार किया जा रहा है।


एक अन्य मामले में भागीरथपुरा के रहने वाले राजकुमार पिता कन्हैयादास (55) को रिश्तेदार ने मंगलवार रात एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया। बताया कि राजकुमार शराब का आदी है। आए दिन पत्नी से विवाद करता रहता है। मंगलवार रात भी दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने मोबाइल फेंककर तोड़ दिया। फिर अलमारी के कांच पर हाथ मार दिया। जिससे कांच टूट गया। इसके बाद भी वह नहीं माना और खिड़की पर हाथ मार दिया। इस दौरान कांच टुटकर उसकी कलाई में लग गया और खून बहने लगा। जानकारी के अनुसार फिलहाल राजकुमार भर्ती हैं।